विकास सिंह - ट्रेन हादसे में युवक की मृत्यु, पीड़ित परिवार से मिलकर जिला परिषद सदस्य ने दी सांत्वना
- By
- Vikash Singh
- July-14-2024
शनिवार को जिला परिषद सदस्य विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल भभुआ प्रखंड क्षेत्र के सीतमपुरा में पहुंचे, जहां एक युवक की मृत्यु हो जाने के उपरांत वह पीड़ित परिवार से मिले और आत्मीय सांत्वना प्रकट की। विकास सिंह ने पीड़ित परिवार से संपूर्ण घटना की जानकारी ली और भरोसा जताया कि वह उनकी सहायता को लेकर हर संभव प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि सीतमपुरा निवासी 28 वर्षीय बिहारी बिन्द रोजगार की तलाश में मुंबई जा रहे थे। इसी कड़ी में एमपी के खंडवा जिला के अंतर्गत कलवरिया स्टेशन के समीप ट्रेन से उतरने के दौरान उनके साथ दु:खद हादसा हो गया और वह असमय ही काल के ग्रास बन गए।
दुखद हादसे की सूचना मिलने पर पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे जिला पार्षद विकास सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि मृत युवक शिव कुमार बिन्द के पुत्र थे और वह अपने पीछे बुजुर्ग पिता, पत्नी और दो छोटे छोटे बच्चों को छोड़कर भगवान को प्यारे हो गए। इस परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मृत्यु से पूरा परिवार सदमे में है।
विकास सिंह ने परिवार की आर्थिक सहायता करते हुए हिम्मत बंधाई, साथ ही सरकारी सहायता दिलाने की भी बात रखी। इस मौके पर उनके साथ गांव के वार्ड सदस्य रमेश बिन्द, बाली बिन्द सहित अन्य ग्रामीणजन मौजूद रहे।