विकास सिंह - खरेंदा पंचायत में हुआ जिला परिषद का भव्य स्वागत, समस्याओं के समाधान का आश्वासन
- By
- Vikash Singh
- January-20-2025
बसपा बिहार के प्रदेश महासचिव और भभुआ जिला परिषद सदस्य विकास सिंह उर्फ लल्लू पटेल ने अपनी समाधान यात्रा के चौथे दिन खरेंदा पंचायत के विभिन्न गांवों का दौरा किया। उन्होंने खरेंदा, सूर्यपुरा, तराव, हरदीपुर, सोनाव, पुनाव, हुडरी, हुडरा कला, हुडरा खुर्द, अहिराव, उचिनर और भोरेया गांवों में जाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनका समाधान करने का आश्वासन दिया।
यात्रा के दौरान हर गांव में विकास सिंह का भव्य स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए अपने नेता के प्रति अपार सम्मान और समर्थन व्यक्त किया। ग्रामीणों ने नाली, गली, सड़क, पानी, बिजली और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति धीमी है और समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।
विकास सिंह ने आश्वासन दिया, "आप सभी की समस्याएं मेरी अपनी समस्याएं हैं। समाधान यात्रा का उद्देश्य ही यही है कि हर गांव की परेशानियों को समझकर उनका यथाशीघ्र समाधान किया जाए। मैं आपकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।"
इस यात्रा ने ग्रामीणों के बीच एक नई ऊर्जा और उम्मीद का संचार किया है। लोगों ने श्री पटेल से कहा कि उन्हें ऐसा नेता मिला है, जो उनकी आवाज सुनता है और उनके लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहा है।
विकास सिंह ने कहा, "समाधान यात्रा केवल एक औपचारिक पहल नहीं है, बल्कि यह आपके साथ जुड़ने और आपके लिए बेहतर भविष्य की योजना बनाने का प्रयास है।" उन्होंने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि वह क्षेत्र की सभी समस्याओं को हल करने के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। समाधान यात्रा का चौथा दिन भी जन-समर्थन और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ। विकास सिंह ने अपनी दूरदर्शिता और जनता के प्रति समर्पण भाव से यह संदेश दिया कि वह उनके लिए एक सशक्त और भरोसेमंद नेता हैं।